उत्तर प्रदेश के झांसी में अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे एक परिवार को गेट पर ताला लगा मिलने के कारण करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा. बताया गया कि श्मशान घाट का चौकीदार ताला लगाकर शादी समारोह में चला गया था. घटना के दौरान गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रख दिया, जिससे वहां जाम लग गया.
मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहर गिर्द का है. परिजनों के अनुसार, संतोष अहिरवार की 33 वर्षीय पत्नी पूनम की सोमवार दोपहर तीसरी डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ गई थी. हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोग शव को घर लेकर आए और अंतिम संस्कार की तैयारी की.
शाम करीब सात बजे परिजन शव लेकर पहुज नदी के पास स्थित श्मशान घाट पहुंचे. वहां मुख्य गेट पर ताला लगा मिला. परिजनों का कहना है कि उन्होंने चौकीदार को पहले ही अंतिम संस्कार के लिए आने की सूचना दी थी. आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि चौकीदार एक शादी में गया है. उसके जल्द लौटने की जानकारी दी गई, लेकिन वह काफी देर तक नहीं आया.
इंतजार से परेशान परिजनों ने शव सड़क पर रखकर विरोध किया. सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाकर सड़क से शव हटवाया, जिसके बाद जाम खुला. परिजन इसके बाद शव को श्मशान घाट के गेट पर रखकर चौकीदार का इंतजार करते रहे.
थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि चौकीदार झांसी के बबीना में एक मांगलिक कार्यक्रम में गया था. उसे वहां से बुलवाया गया, जिसके बाद करीब तीन घंटे बाद गेट खोला गया और पूनम का अंतिम संस्कार कराया जा सका. घटना ने श्मशान घाट जैसी आवश्यक सार्वजनिक सुविधा में जिम्मेदारी और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
