उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस लाइन के सामने प्रदर्शन और हंगामे के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर यातायात बाधित किया, राहगीरों से अभद्रता की और कुछ वाहनों के बोनट पर चढ़कर प्रदर्शन किया. पुलिसकर्मियों के रोकने पर धक्का-मुक्की और मारपीट का भी आरोप है.
यह घटना नवाबाद थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की शाम हुई. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस लाइन के गेट के सामने बैरियर लगाकर रास्ता रोक दिया था. करीब एक घंटे की कोशिश के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी किन्नर समाज की प्रमुख बब्ली मौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे.
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अंशिका उर्फ अभिषेक किन्नर, पूजा किन्नर, नयनपारा किन्नर, रश्यिन किन्नर और अंशिका की मां ममता के रूप में बताई गई है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अर्धनग्न और नग्न अवस्था में सड़क पर हंगामा किया.
दो गुटों के बीच पुराना विवाद
पुलिस के मुताबिक, अंशिका पहले बब्ली मौसी के गुट के साथ काम करती थीं. करीब दो साल पहले बधाई मांगने को लेकर शिकायतों के बाद उन्हें गुट से अलग कर दिया गया था. इसके बाद अंशिका ने अपना अलग समूह बना लिया. तभी से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है.
पुलिस ने बताया कि 22 अक्टूबर को भी इसी विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने थाने में फिनायल पीकर आत्महत्या की कोशिश करने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने रोक लिया. नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह के अनुसार, मौजूदा मामले में चार किन्नरों और उनके एक सहयोगी पर यातायात बाधित करने, राहगीरों से अभद्रता और पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
