उत्तर प्रदेश के कानपुर के कल्याणपुर इलाके में शनिवार रात तेज रफ्तार थार की टक्कर से स्कूटी सवार 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, संतोष आवास विकास-3 के रहने वाले थे और हादसा उनके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुआ.
परिवार के अनुसार, संतोष अपनी पत्नी के लिए साड़ी लेकर घर लौटने की बात कहकर निकले थे. रात करीब 7:30 बजे हुई टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद थार अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी. इसके बाद वाहन दूसरी संपत्ति की दीवार से भी टकराया. हादसे की आवाज सुनकर मकान में रहने वाले प्रोफेसर कैलाश चौहान बाहर आए. उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे और एक महिला गाड़ी चला रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद तीनों लोग क्षतिग्रस्त थार से बाहर निकले और बाद में मौके पर पहुंची दूसरी कार में बैठकर चले गए. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके पंजीकृत मालिक का पता लगाया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन कृष्ण कुमार के नाम पर दर्ज है और उसका पता पनकी के बहादुर नगर का बताया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसमें मौजूद अन्य लोग कौन थे.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के जरिए कथित तौर पर दूसरी कार से जाने वाले लोगों और उनके रास्ते की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल चालक की पहचान तथा दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के दायरे में हैं.
