उत्तर प्रदेश के कासगंज में डेढ़ महीने के बच्चे को कथित तौर पर बेचने और उसके अपहरण की झूठी कहानी बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने बच्चे की मां, एक डॉक्टर, उसकी पत्नी और हाथरस निवासी एक दंपति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है.
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के मुताबिक, मामले का खुलासा बच्चे के पिता अरविंद की शिकायत के बाद हुआ. अरविंद कासगंज के बानूपुर पुख्ता गांव के निवासी हैं और फरीदाबाद की एक सोनपापड़ी बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं. उन्होंने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
दवा लेने जाने की बताई थी कहानी
शिकायत के अनुसार, बच्चे की मां 16 अक्टूबर को दवा लेने कासगंज गई थी. उसने कथित तौर पर परिवार को बताया कि उसने बच्चे को कासगंज बस स्टैंड पर एक अज्ञात महिला के पास छोड़ा था. कुछ देर बाद लौटने पर महिला और बच्चा दोनों वहां नहीं मिले. इसके बाद परिवार को बच्चे के गायब होने की जानकारी दी गई.
जांच के दौरान पुलिस को बच्चे को बेचने की आशंका सामने आई. पुलिस का कहना है कि महिला ने डॉक्टर अरुण कुमार और उनकी पत्नी के साथ मिलकर बच्चे को बेचने की योजना बनाई थी. इसके बाद सोरों थाने में भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया.
यात्री आश्रय स्थल से गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोरों थाना पुलिस और जिला स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की संयुक्त टीम ने चंदपुरा-गौपुरा कट के पास बने यात्री आश्रय स्थल से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार लोगों में बच्चे की मां, डॉक्टर अरुण कुमार, उनकी पत्नी और हाथरस जिले के निवासी महिपाल तथा उनकी पत्नी शामिल हैं.
पूछताछ में मां ने कथित तौर पर बताया कि उसे बच्चे के बदले 1.30 लाख रुपये मिले थे. पुलिस के अनुसार, 1.20 लाख रुपये उसके बैंक खाते में जमा किए गए, जबकि 10 हजार रुपये नकद दिए गए. हाथरस के दंपति ने पुलिस को बताया कि उन्होंने डॉक्टर और उनकी पत्नी के माध्यम से बच्चे को दो लाख रुपये में खरीदा था. पुलिस सभी आरोपों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है.
