कौशाम्बी के चायल विकासखंड में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. मोहम्मदपुर गांव में करीब 14 लाख रुपये की लागत से बनाया गया सरस हाट अब तक शुरू नहीं हो सका है. संचालन और देखरेख के अभाव में भवन खराब हो रहा है, जिससे छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.

सरस हाट बनाने का उद्देश्य दुकानदारों को कारोबार के लिए स्थान उपलब्ध कराना था. ग्रामीणों का कहना है कि भवन को जल्द शुरू कराने और उसकी मरम्मत कराने की जरूरत है.

इसी क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के कामकाज को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं. ग्रामीणों ने समूहों के दस्तावेज, हिसाब-किताब और लेनदेन की जांच कराने की मांग की है. इन शिकायतों को सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी उठाए जाने की बात कही गई है.

ग्रामीणों ने मनरेगा और आजीविका मिशन समेत योजनाओं की नियमित निगरानी तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है. उनका कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है.