उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गाय चोरी, गोवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अवसाब को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मंझनपुर थाना पुलिस, सीआईडब्ल्यू और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे हरियाणा के फरीदाबाद से पकड़ा.
पुलिस के मुताबिक, अवसाब गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीदाबाद में रहकर काम कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
22 फरवरी की रात चोरी हुई थी गाय
मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के एदिलपुर गांव का है. पुलिस के अनुसार, गांव निवासी बुदुनलाला ने 24 फरवरी 2026 को शिकायत दी थी कि 22 फरवरी की रात अज्ञात लोग उनकी गाय चोरी कर ले गए. शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस को मामले में मोनू, अवसाब और अदीब के नाम सामने आए. आगे की विवेचना में मुकदमे में गोवध निवारण अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं. इसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया. पुलिस मोनू को 1 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अवसाब फरार था.
मुखबिर की सूचना पर फरीदाबाद में दबिश
सीओ सदर सौरभ सावंत के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि अवसाब फरीदाबाद में रहकर नौकरी कर रहा है. इसके बाद टीम ने हरियाणा पहुंचकर उसकी तलाश शुरू की. पुलिस ने फरीदाबाद के सेक्टर-25 स्थित कृष्णा नगर, गली नंबर-1, थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, अवसाब के खिलाफ वर्ष 2021 में मारपीट और धमकी, वर्ष 2023 में मारपीट समेत अन्य धाराओं, वर्ष 2024 में हत्या और एससी-एसटी एक्ट तथा वर्ष 2025 में चोरी और गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.
