लखीमपुर खीरी में मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया है. योजना के तहत 10 स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों वाली डेयरी इकाई स्थापित करने पर अधिकतम 11.80 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा.
योजना की कुल परियोजना लागत 23.60 लाख रुपये निर्धारित है. सरकार लागत का अधिकतम 50 प्रतिशत अनुदान दो चरणों में देती है. पहला चरण आधारभूत ढांचा और पशुशाला तैयार होने के बाद, जबकि दूसरा चरण निर्धारित मानकों के अनुसार गायों की खरीद के बाद जारी किया जाता है.
योजना में साहीवाल, गिर और थारपारकर जैसी स्वदेशी नस्लों को शामिल किया गया है. लाभार्थी को 15 प्रतिशत अंशदान देना होगा, जबकि शेष राशि बैंक ऋण या अपने संसाधनों से जुटाई जा सकती है. कुल लाभार्थियों में 50 प्रतिशत महिला पशुपालकों को शामिल करने का लक्ष्य है.
आवेदक के पास पशुपालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव, लगभग 0.20 एकड़ भूमि और वर्षभर हरे चारे की व्यवस्था होना जरूरी है. खरीदी गई गायों की ईयर टैगिंग, बीमा और आवश्यक टीकाकरण भी अनिवार्य है. पहले कामधेनु या संबंधित नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजनाओं का लाभ ले चुके पशुपालक इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे.
