लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में बने श्रमिक कैंप में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में तीन मंजिला अस्थायी इमारत का बड़ा हिस्सा जल गया. घटनास्थल से उठता धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने की बात सामने आई है.
फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं. बिहार निवासी 30 वर्षीय निर्मल आग की चपेट में आने से झुलस गए, जबकि प्रतापगढ़ निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगाई, जिससे उन्हें चोट लगी. दोनों को कृष्णानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह कैंप एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित था. श्रमिकों के रहने के लिए पीवीसी और प्लास्टिक से बनाए गए इस अस्थायी भवन में 33 छोटे कमरे थे, जहां करीब 300 मजदूर रहते थे. ये मजदूर एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य से जुड़े थे.
श्रमिकों के अनुसार, आग में कपड़े, पैसे और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया. एक मजदूर ने बताया कि नीचे के हिस्से में आग लगने के बाद कुछ ही देर में करीब 15 कमरे इसकी चपेट में आ गए.
हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है और उड़ानों के संचालन पर भी असर नहीं पड़ा. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है; इसकी जांच की जा रही है.
