लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विरामखंड इलाके में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के आवास में संदिग्ध घुसपैठ और चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है. मुख्य गेट का ताला टूटा मिला, जबकि दूसरी मंजिल और छत की ओर जाने वाला दरवाजा खुला हुआ था.
केयरटेकर शिव कुमार के मुताबिक, वह 20 नवंबर को पत्नी के साथ पैतृक गांव गए थे. 22 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे लौटने पर उन्हें गेट का ताला टूटा मिला. घर की जांच करने पर शुरुआती तौर पर किसी सामान या कीमती वस्तु के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली.
आवास में लगे CCTV कैमरों और उनसे जुड़े तारों से भी छेड़छाड़ की गई थी. पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि रिकॉर्डिंग बाधित करने का प्रयास क्यों किया गया.
शिव कुमार की शिकायत पर गोमतीनगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर घटना के समय शहर से बाहर थे.
