उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक पर अपने दोस्त सचिन उर्फ राजा की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, हत्या पैसों के लालच में की गई और आरोपी ने वारदात को बिजली का करंट लगने से हुई दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की.

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को रहीमाबाद निवासी मेडीलाल ने अपने बेटे सचिन की हत्या की तहरीर दी थी. सचिन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. जांच के बाद पुलिस ने बिरजू को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात के बारे में जानकारी दी.

जांच एजेंसी के मुताबिक, 28 सितंबर को सचिन ने पैसों की जरूरत के चलते अपनी बाइक गिरवी रखी थी. इसके बाद दोनों ने उन पैसों से शराब खरीदी और बिरजू के कमरे पर गए. पुलिस के दावे के अनुसार, सचिन के नशे में बेसुध होने के बाद बिरजू की नजर उसके पास बचे पैसों पर पड़ी.

आरोप है कि बिरजू ने कमरे में रखे लोहे के कूलर और खुले बिजली के तार की मदद से सचिन को करंट लगाया. पुलिस के मुताबिक, सचिन की मौत के बाद आरोपी ने उसकी जेब से ₹2250 निकाले और शव को घसीटकर पास के एक घर के बाहर छोड़ दिया, ताकि मामला हादसा लगे.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बिजली का तार, लोहे का कूलर, मृतक के दस्तावेज और ₹2250 बरामद करने की बात कही है. मामले में सबूत मिटाने और लूट से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराएं बढ़ाई गई हैं. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस रिकॉर्ड में उसके पहले से आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख है.