उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 28 वर्षीय कैफे मालिक शिव शर्मा की बालकनी से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना हजरतगंज इलाके की बताई गई है. शिव की मां रंजना शर्मा ने उनकी प्रेमिका और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर ब्लैकमेल, मारपीट और हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया है.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर दानिश, आदिल और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, शिव बालकनी से कैसे गिरे और उससे पहले क्या हुआ, इसकी जांच जारी है.
शिकायत के मुताबिक, घटना की जानकारी श्रद्धा ने शनिवार रात करीब 9 बजे रंजना शर्मा को फोन कर दी थी. उन्होंने बताया कि शिव बालकनी से गिर गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है. रंजना के अस्पताल पहुंचने पर एक निजी एंबुलेंस के पास दानिश मिला, लेकिन शिकायत के अनुसार उसने घटना की जानकारी होने से इनकार किया. डॉक्टरों ने बाद में शिव को मृत घोषित कर दिया.
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि श्रद्धा करीब चार महीने से शिव को कथित अश्लील वीडियो प्रसारित करने और बदनाम करने की धमकी दे रही थीं. उन्होंने शिव के शरीर पर चोटों और कथित जलने के निशान देखने का भी दावा किया है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों पर अधिक स्पष्टता मिलेगी.
