उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले लखनऊ में लगे कांग्रेस के पोस्टर को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. पोस्टर पर लिखा है, “200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा.” इसमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं की तस्वीरें हैं.
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्टर को “नकली” बताते हुए इसके पीछे भाजपा की साजिश का आरोप लगाया. उनका कहना है कि ऐसे पोस्टर विपक्षी गठबंधन में मतभेद पैदा करने के लिए लगाए जा रहे हैं.
अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टर बिना निर्धारित शुल्क जमा किए लगाए गए, जिससे स्थानीय निकायों को राजस्व का नुकसान हो सकता है. उन्होंने नगर निकाय के वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित करने और मामले की जांच की मांग की.
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का तारीखवार रिकॉर्ड रखा जा रहा है और पीडीए सरकार बनने पर जिम्मेदार अधिकारियों का हिसाब लिया जाएगा. इस बीच कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक सहमति का ऐलान अभी नहीं हुआ है. कांग्रेस की ओर से 175 से 200 सीटों की सूची साझा किए जाने की बात सामने आई है, जबकि अंतिम फैसला दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व करेगा.
