इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देश दिया है कि वह लखनऊ समेत उन शहरों में नए ई-रिक्शा के पंजीकरण पर रोक या सीमा लगाने के बारे में चार हफ्ते के भीतर फैसला करे, जहां इनकी संख्या जरूरत से अधिक है. अदालत ने यह निर्देश ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या और उससे हो रही यातायात समस्या से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया.
न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति ए.के. चौधरी की पीठ ने कहा कि लखनऊ में करीब 1.33 लाख ई-रिक्शा चल रहे हैं और इनकी संख्या यातायात जाम में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है. अदालत ने राज्य सरकार से मोटर वाहन अधिनियम के तहत अधिक संख्या वाले क्षेत्रों में नए पंजीकरण को नियंत्रित करने की संभावना पर विचार करने को कहा है.
पीठ ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से पंजीकरण शुल्क में दी गई छूट का अर्थ यह नहीं है कि ई-रिक्शा को सड़क पर चलने के लिए पंजीकरण की कानूनी अनिवार्यता से छूट मिल गई है. अदालत ने मोटर वाहन नियम, 1998 के नियम 178 का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार के पास ई-रिक्शा की आवाजाही को नियंत्रित करने का अधिकार है.
मौजूदा प्रतिबंध लागू कराने का निर्देश
अदालत ने कहा कि 12 मई 2022 के आदेश के तहत लखनऊ की कई सड़कों पर ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाई गई थी, लेकिन इन प्रतिबंधों का प्रभावी पालन नहीं हो रहा है. विशेष जांच दल को मौजूदा प्रतिबंधों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में समान रोक की संभावना देखने को कहा गया है. हालांकि, प्रतिबंधित मार्गों के विकल्प के तौर पर वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है.
अधिकारियों को अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करनी होगी. मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी.
इसी जनहित याचिका में कोर्ट ने कामता चौराहे और पॉलीटेक्निक-कामता-चिनहट मार्ग पर यातायात जाम के स्थायी समाधान पर भी विचार किया. आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी यातायात प्रवाह का स्वतंत्र आकलन, सिमुलेशन अध्ययन और कार्ययोजना के लिए तकनीकी व वित्तीय प्रस्ताव तैयार करेगा. लखनऊ नगर निगम और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से यातायात प्रबंधन सुधारने के निर्देश दिए गए हैं.
