उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में रविवार शाम घैला पुल से एक युवक और युवती के गोमती नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली. तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए और देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस, एसडीआरएफ, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की मदद से तलाशी अभियान चला रही है.

पुलिस के अनुसार, नदी में कूदने वाले युवक की पहचान फैजुल्लागंज निवासी 45 वर्षीय गौतम गुप्ता के रूप में हुई है. वह बीकेटी में ढाबा चलाते हैं. युवती की पहचान 23 वर्षीय चुनमुन गुप्ता के तौर पर हुई है. दोनों के रिश्तेदार होने की जानकारी सामने आई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले युवक ने पुल से नदी में छलांग लगाई और उसके तुरंत बाद युवती भी पानी में कूद गई. पुल की रेलिंग के पास युवक के जूते और युवती की चप्पल मिलने की बात कही गई है.

परिजनों के अनुसार, दोनों रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश करते हुए घैला पुल पहुंचे. सूचना मिलने के बाद मड़ियांव और ठाकुरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस की शुरुआती जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई गई है, लेकिन घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने नावों की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन की. गोमती के तेज बहाव और अंधेरा बढ़ने के कारण देर शाम तलाशी अभियान रोक दिया गया था. सोमवार सुबह बड़े स्तर पर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी की गई. दोनों के बरामद होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है.