लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी शहर के दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच गया है. फीनिक्स पलासियो मॉल और अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पास शहीद पथ की सर्विस लेन पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है. प्रभावित मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित की गई है.

नगर निगम के अनुसार, राहत और बचाव कार्य लोहड़ामऊ, फैजुल्लागंज, दाउदनगर, मिल्लत नगर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे हैं. कुछ इलाकों में लोगों और राहत सामग्री की आवाजाही के लिए नावों और स्टीमर का इस्तेमाल किया जा रहा है.

सफाई और बीमारी की रोकथाम पर जोर

जलभराव के बाद संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए करीब 250 सफाईकर्मियों को लगाया गया है. नगर निगम ने लगभग 150 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के जरिए एंटी-लार्वा और एमएलओ का छिड़काव कराया है. मैनुअल और बड़ी मशीनों से फॉगिंग भी की जा रही है.

पानी उतरने के बाद गाद, कचरे और जमा अपशिष्ट की सफाई के लिए अलग टीमें तैयार की गई हैं. इसके साथ ही ब्लीचिंग पाउडर, एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग का अभियान चलाने की तैयारी है.