लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़कर 108.14 मीटर तक पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार, यह खतरे के निशान पर है और नदी का पानी सामान्य स्तर से करीब आठ फीट ऊपर बताया गया है. बढ़ते जलस्तर से शहर के कई रिहायशी और धार्मिक स्थलों के आसपास जलभराव की स्थिति बनी हुई है.
गोमती रिवरफ्रंट की ‘फूड वैली’ को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. हनुमंत धाम यानी हनुमान सेतु मंदिर परिसर, प्राचीन शनि देव मंदिर और लक्ष्मण मेला मैदान के आसपास भी पानी भरने की सूचना है. लेटे हुए हनुमान मंदिर परिसर में पानी पहुंचने के बाद परंपरा के अनुसार बाहर से पूजा-अर्चना करने का निर्णय लिया गया है.
बख्शी का तालाब तहसील के लासा, बहादुरपुर, सुल्तानपुर और अकड़िया मऊ समेत ग्रामीण इलाकों में भी बाढ़ का असर है. कुछ जगहों पर पानी थोड़ा घटा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें बनी हुई हैं. प्रशासन ने आवाजाही और राहत कार्यों के लिए 30 नावें तैनात की हैं. विस्थापित लोगों के लिए चार राहत शिविर और सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहां भोजन और बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं.
जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने राहत कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है. स्वास्थ्य विभाग प्रभावित गांवों में मेडिकल किट और क्लोरीन की गोलियां बांट रहा है. पशुपालन विभाग की टीमें मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराने और बीमार पशुओं के इलाज में लगी हैं.
फैजुल्लागंज में प्रभावित परिवारों को ड्राई राशन किट दी गई हैं. नगर निगम पंपसेट से पानी निकाल रहा है और मच्छरों की रोकथाम के लिए ड्रोन से एंटी-लार्वा छिड़काव करा रहा है. स्थानीय प्रशासन और राजस्व अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है.
