लखनऊ में अधिवक्ताओं का विधानसभा घेराव प्रदर्शन शनिवार, 14 नवंबर को उग्र हो गया. अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर कैसरबाग न्यायालय से शुरू हुआ पैदल मार्च हजरतगंज और अटल चौक होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी. हजरतगंज चौराहे और विधानसभा मार्ग पर वकीलों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए. कुछ प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट नंबर-2 के सामने पहुंचकर सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की.

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई. रिपोर्ट्स में पुलिस से बैरिकेडिंग छीने जाने की भी बात कही गई है.

वकीलों की मांगों में अधिवक्ता सुरक्षा कानून के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट की पीठ स्थापित करना भी शामिल बताया गया है. यह प्रदर्शन कैसरबाग जिला अदालत के पास सड़क, फुटपाथ और नाले पर बने कथित अवैध चैंबरों को हटाने की कार्रवाई के विरोध से भी जुड़ा बताया जा रहा है.