लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दोस्तों के बीच लूडो खेलने को लेकर हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया. पुलिस के मुताबिक, पुरनिया फ्लाईओवर के नीचे कुछ युवक शराब पीने के साथ लूडो खेल रहे थे. इसी दौरान सीतापुर के गैरोली निवासी 32 वर्षीय राहुल अवस्थी का अपने साथी प्रदीप से विवाद हो गया.
बताया गया है कि पहले दोनों के बीच गाली-गलौज हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने पास स्थित फुटपाथ पर बनी मालिश की दुकान से कैंची उठा ली. पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने राहुल के सीने और पेट पर कई वार किए. हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े.
घटना शनिवार शाम करीब 5:51 बजे की बताई जा रही है. हमले के बाद आरोपी और वहां मौजूद कुछ अन्य साथी मौके से चले गए. आसपास के लोगों की सूचना पर अलीगंज और मड़ियांव थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहुल को अस्पताल ले गई.
राहुल को पहले वाघा अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस हिरासत में मुख्य आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद एसीपी शशि प्रकाश मिश्र ने मौके का निरीक्षण किया. पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
