लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय NEET अभ्यर्थी ने ऑनलाइन गेमिंग का कर्ज चुकाने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रची. छात्र ने परिवार से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और बाद में अपनी मौत का फर्जी संदेश भी भेज दिया. पुलिस ने उसे उसकी महिला मित्र के साथ सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
20 अक्टूबर की रात घर से हुआ था लापता
पुलिस के अनुसार, छात्र 20 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे के बाद घर से निकल गया था. उसके वापस नहीं लौटने पर मां ने पारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. छात्र NEET की तैयारी कर रहा था, जबकि उसके पिता दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं.
घर से निकलने के बाद छात्र ने अपने मोबाइल से सिम कार्ड निकाल दिया. इसके बाद उसने वाई-फाई के जरिए अपनी मां, पिता और चाचा को WhatsApp संदेश भेजकर दावा किया कि उसका अपहरण हो गया है. कुछ घंटे बाद उसने आवाज बदलकर एक वॉइस नोट भेजा और 5 लाख रुपये की फिरौती का इंतजाम करने को कहा.
बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित पिता ने पुलिस के अनुसार, 3 लाख रुपये जुटा लिए थे. इसी बीच छात्र ने परिवार को अपनी मौत का झूठा संदेश भी भेज दिया. इससे परिजन और अधिक दहशत में आ गए और पुलिस ने जांच तेज कर दी.
सर्विलांस से खुली साजिश की कड़ी
पुलिस ने संदेशों, मोबाइल गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ियों की जांच की. सर्विलांस और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस छात्र तक पहुंची और उसे उसकी महिला मित्र के साथ बरामद कर लिया. उसके जिंदा मिलने की सूचना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली.
डीसीपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, छात्र को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी. वह पहले गेमिंग में करीब 70 हजार रुपये हार चुका था, जिसकी भरपाई परिवार ने की थी. इसके बाद भी गेमिंग जारी रही और उसने बाहरी लोगों से उधार लेकर करीब 50 हजार रुपये गंवा दिए.
पुलिस के मुताबिक, छात्र अपनी महिला मित्र के साथ घूमने-फिरने और अन्य गतिविधियों पर भी पैसे खर्च करता था. परिवार से बार-बार पैसे मांगने पर रोक लगने के बाद कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ा और उसने अपहरण व फिरौती की झूठी साजिश रची.
