प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं से डिग्री और सर्टिफिकेट के साथ व्यावहारिक कौशल सीखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दुनिया को केवल विश्वविद्यालयों से पढ़े युवाओं की नहीं, बल्कि हुनरमंद और प्रशिक्षित कामगारों की जरूरत होगी. उनके मुताबिक, ITI से प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं की मांग देश और विदेश दोनों जगह बढ़ रही है.

प्रधानमंत्री ने अपनी विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत जैसे देशों के आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कारीगरों का बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि इन देशों के शाही परिवार भी भारतीय कारीगरों के हुनर और मेहनत की तारीफ करते हैं. प्रधानमंत्री के अनुसार, कई देश भारत से हर साल हजारों कुशल कामगार चाहते हैं.

डिग्री के साथ कौशल जरूरी

प्रधानमंत्री ने दादाजी धर्माधिकारी की किताब में बताए गए एक प्रसंग का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि एक पोस्ट ग्रेजुएट युवक नौकरी की सिफारिश के लिए पहुंचा था और बार-बार अपनी डिग्री की बात कर रहा था. जब उससे पूछा गया कि वह कौन-सा काम कर सकता है, जैसे गाड़ी चलाना या खाना बनाना, तो उसके पास इसका स्पष्ट जवाब नहीं था. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि कागजी योग्यता के साथ काम करने का हुनर भी जरूरी है.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केवल डिग्री और सर्टिफिकेट से काम नहीं चलेगा. जिस युवा के पास कौशल होगा, उसकी मांग बढ़ेगी. AI की वजह से नौकरियां जाने की आशंका पर प्रधानमंत्री ने कहा कि हुनरमंद व्यक्ति का रोजगार आसानी से नहीं छीना जा सकता. उन्होंने युवाओं से कम से कम एक व्यावहारिक कौशल सीखने का आग्रह किया.

प्रधानमंत्री के अनुसार, 2014 के बाद एक दशक में करीब 5,000 नई ITI बनाई गई हैं और ITI में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है. उन्होंने यह भी कहा कि ITI में छात्राओं की संख्या ढाई गुना से ज्यादा हुई है. उनके मुताबिक, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आधुनिक मशीनें और प्रशिक्षित शिक्षक सरकार की प्राथमिकताओं में हैं.

ITI में एयरोनॉटिकल स्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं. एनिमेशन, स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन से जुड़े पाठ्यक्रमों का भी उन्होंने उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्योगों की जरूरतों से सीधा संबंध होना चाहिए. उन्होंने बताया कि PM-सेतु योजना के तहत 60,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं.

प्लंबर की कमी का दिया उदाहरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब कई कामगार गांव लौट गए, तब लोगों को रोजमर्रा की सेवाओं में कुशल कर्मचारियों की अहमियत समझ आई. उन्होंने पाइप से गैस कनेक्शन का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार रोजाना एक लाख PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य लेकर चल रही थी, लेकिन कई जगह रोजाना 20 से 23 हजार से अधिक कनेक्शन नहीं हो पा रहे थे. उनके अनुसार, इसकी एक वजह प्लंबरों की कमी बताई गई.

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों के साथ मशीनों को संचालित करने वाले प्रशिक्षित तकनीशियनों की भी जरूरत होती है. सौर ऊर्जा, खेल उपकरण और फिटनेस से जुड़े क्षेत्रों में भी आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ने की बात उन्होंने कही.

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत 2027 में WorldSkills Asia प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा. यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा और इसमें एशिया के कई देशों के युवा हिस्सा लेंगे. उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अवसर बताया.

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, विश्वविद्यालयों और कारखानों के विस्तार का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और चिप निर्माण जैसे क्षेत्रों के साथ रक्षा उत्पादन में भी रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं. अंत में उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, कौशल विकसित करने और उसे लगातार बेहतर बनाने की अपील की.