लखनऊ में व्यापारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में 50 हजार रुपये की इनामी आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, वह पिछले करीब 10 दिनों से गिरफ्तारी से बच रही है. पुलिस का दावा है कि नेपाल जाने के बाद वह उत्तर प्रदेश लौट आई और रविवार को लखनऊ पहुंचने के बाद फिर ठिकाना बदलकर निकल गई.
अदालत से राहत लेने की कोशिश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी पर रोक या अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख करने की तैयारी में है. अदालत में छुट्टियों के कारण हाईकोर्ट में अर्जी गुरुवार को दाखिल किए जाने की बात सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए बयान जारी कर रही है. इन बयानों और कानूनी विकल्पों के जरिए वह गिरफ्तारी से राहत पाने की कोशिश कर रही है.
इस मामले में दूसरे आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी तनवीर अली उर्फ दानिश के बारे में भी बताया गया है कि उसने लखनऊ कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन दाखिल की है.
पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
आरोपी के लखनऊ से निकल जाने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं. लापरवाही के आरोपों के बीच हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया गया है. आईपीएस अधिकारी विक्रांत वीर को डीजीपी मुख्यालय से अटैच किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
उधर, मृतक की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की अपील की है.
परिवार ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है. साथ ही समयबद्ध जांच और परिवार को सुरक्षा देने का अनुरोध किया गया है. आरोपों और आरोपी की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा.
