लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में पार्किंग विवाद के बाद तीन लोगों की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि मामले को फास्ट-ट्रैक अदालत में ले जाने का प्रयास किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई शुरू की जाएगी.

सरकार ने परिवार को आजीवन सुरक्षा देने, मृतक की पत्नी को लखनऊ नगर निगम में अधिकारी स्तर की नौकरी देने और उनकी बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया. आरोपियों से जुड़ी अवैध निर्माण गतिविधियों पर कार्रवाई की बात भी कही गई है.

सोमवार को ब्रह्माणी टोला में गोलीबारी में शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और शिवेंद्र के बेटे सुयश तिवारी की मौत हुई थी. शिवाजी तिवारी RSS से जुड़े पदाधिकारी थे. घटना के बाद BJP और RSS कार्यकर्ताओं ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया.

लखनऊ पुलिस ने सआदतगंज थाने के प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ऋषभ शुक्ला गिरफ्तार है और उसके पास से कथित तौर पर इस्तेमाल की गई पिस्तौल तथा चार खोखे बरामद किए गए हैं.