लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में नारियल में पानी कम निकलने की शिकायत को लेकर ग्राहकों और विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया. नारियल के ठेले पर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. घटना के बाद पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि चार लोग फरार बताए जा रहे हैं.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ ग्राहक नारियल खरीदने के बाद उसमें पानी कम होने की शिकायत कर रहे थे. इसी बात को लेकर उनका विक्रेताओं से विवाद शुरू हुआ. बहस बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

लकड़ी के पटरे से हमले का दावा

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि विवाद बढ़ने पर विक्रेताओं में से एक व्यक्ति ने लकड़ी का पटरा निकालकर लोगों की पिटाई की. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है.

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा के अनुसार, मामले में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि विवाद में नारियल विक्रेता और खरीदने आए ग्राहक दोनों पक्षों के लोग शामिल थे. पुलिस के मुताबिक, झगड़ा नारियल में पानी कम निकलने की शिकायत से शुरू हुआ था.

पुलिस फरार बताए जा रहे चार लोगों की तलाश कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.