दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 2,500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया. विभाग की टीम ने जांच के लिए दो नमूने लेने के बाद पूरी खेप मौके पर नष्ट करा दी.

यह कार्रवाई मथुरा के छाता क्षेत्र में बठैन गेट पुलिस चौकी के पास की गई. खाद्य सचल दल और पुलिस बल ने राजस्थान बॉर्डर की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप को जांच के लिए रोका था. तलाशी के दौरान वाहन से पनीर बरामद हुआ.

विभाग के मुताबिक, बरामद पनीर की अनुमानित कीमत करीब 5.05 लाख रुपये थी. जांच के दौरान कारोबारी पनीर की खरीद-बिक्री से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका. टीम को पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध लगी, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा के मद्देनजर नमूने लिए गए.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि संदिग्ध, दूषित या अस्वच्छ पाए गए खाद्य पदार्थों को लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए नष्ट कराया जाता है. इस मामले में पनीर की गुणवत्ता पर अंतिम स्थिति नमूनों की जांच के बाद स्पष्ट होगी.

मथुरा की यह कार्रवाई यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से दिवाली से पहले चलाए जा रहे मिलावट-रोधी अभियान का हिस्सा है.