मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात चलती डबल डेकर AC बस में आग लग गई. हादसा राया थाना क्षेत्र के राया कट पुल के पास करीब 1:30 बजे हुआ. बस में सवार सभी 40 यात्रियों ने समय रहते नीचे उतरकर जान बचाई. किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.
बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी. इसे खजुराहो ट्रैवल्स की बस बताया गया है. बस का पंजीकरण नंबर MP 14 ZH 5063 है. ड्राइवर जितेंद्र मध्य प्रदेश का रहने वाला है.
यात्रियों के मुताबिक, हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे. अचानक बस से धुआं उठने लगा, जिसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्री जल्दबाजी में बाहर निकल गए. हालांकि, यात्रियों का सामान बस के अंदर ही छूट गया और आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया.
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस से करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठ रही थीं. फायर ब्रिगेड ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी.
सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि रात 1:38 बजे पीआरवी को आग की सूचना मिली थी. पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को जानकारी दी गई. शुरुआती जानकारी में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया है. पुलिस के अनुसार, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है; शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
