उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला पर प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, घटना 28 सितंबर की है. महिला ने कथित तौर पर परिवार को पति की मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई थी, जिसके बाद शव को दफना दिया गया. संदेह होने पर पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है.
मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय तालिब के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब चार साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र की रहने वाली 27 वर्षीय इल्मा से हुई थी. दोनों की तीन साल की एक बेटी है. तालिब राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि इल्मा मेरठ के एक ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी. दंपती जाकिर नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे.
परिवार को मौत पर हुआ संदेह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 5 अक्टूबर को तालिब का मोबाइल मिलने के बाद परिवार को उसकी मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ. पूछताछ के दौरान इल्मा ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की. इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव निकाला गया. कार्रवाई के दौरान एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
पुलिस के मुताबिक, इल्मा ने पूछताछ में दावा किया कि 28 सितंबर को पति से विवाद के बाद उसने अमन नाम के व्यक्ति को फोन किया था. उसके कथन के अनुसार, अमन अपने एक साथी के साथ घर आया. महिला ने कथित तौर पर तालिब के खाने में नशीला पदार्थ मिलाने और उसके बेहोश होने के बाद दुपट्टे से गला दबाने की बात कही है. ये बातें पुलिस जांच में दर्ज कथित बयान पर आधारित हैं.
इल्मा ने यह भी दावा किया कि अमन से उसकी मुलाकात करीब 13-14 महीने पहले हुई थी और तालिब को उसके बारे में कुछ महीने पहले पता चला था. पुलिस ने इल्मा को गिरफ्तार कर लिया है. अमन की तलाश में टीमें लगाई गई हैं. मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जारी है.
