मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम हत्याकांड’ में दोषी करार दिए गए मुस्कान और साहिल की सजा पर अदालत बुधवार को फैसला सुना सकती है. सजा के ऐलान से पहले दोनों के परेशान और चिंतित होने की जानकारी जेल प्रशासन ने दी है. मृतक सौरभ के परिवार ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की है.

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, दोनों ने पिछली शाम बहुत कम खाना खाया और सुबह जेलर की ओर से बताए जाने के बावजूद नाश्ता नहीं किया. उन्होंने बताया कि दोनों रात में ठीक से सो भी नहीं पाए. जरूरत पड़ने पर उनकी काउंसलिंग के लिए काउंसलर बुलाया जा सकता है.

जेल प्रशासन के मुताबिक, मुस्कान धार्मिक गतिविधियों में अधिक समय दे रही है और एकांत में रहना पसंद कर रही है. दोनों अब अन्य बंदियों की तरह सामान्य बातचीत नहीं कर रहे हैं. स्टाफ और सीसीटीवी के जरिए उनकी निगरानी की जा रही है.

मुस्कान ने अपनी बेटी और परिवार से मिलने की इच्छा जताई है. जेल प्रशासन ने कहा कि वह जेल मैन्युअल के नियमों के तहत बेटी या अन्य पात्र परिजन को पत्र लिख सकती है. इसके लिए उसे कागज और पेन उपलब्ध कराया जाएगा. पत्र की सुरक्षा जांच के बाद उसे संबंधित पते पर भेजने की प्रक्रिया होगी. जेल नियमों के अनुसार पति-पत्नी और रक्त संबंधियों से मुलाकात की अनुमति होती है.

दोनों की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई. सुनवाई के दौरान जज ने साहिल से उसके पुराने अपराध और सजा को लेकर उसकी इच्छा पूछी, लेकिन उसने जवाब देने से इनकार कर दिया. जज ने कहा कि सजा सुनाते समय उसे दोबारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा जाएगा.