उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने 22 वर्षीय उजैद को कथित आतंकी साजिश के मामले में गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वह एक ऐसे ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़ा था, जिस पर युवाओं को कट्टरपंथी सामग्री से प्रभावित करने और सैन्य ठिकानों पर फिदायीन हमले की योजना बनाने का आरोप है.
जांच एजेंसियों के मुताबिक, उजैद मेरठ के बनियापाड़ा का रहने वाला है. वह जम्मू-कश्मीर के एक आरोपी मोहम्मद साजिद के संपर्क में था. पुलिस का दावा है कि दोनों Instagram और encrypted messaging app Session पर “Tuition-40”, “005 Brigade” और “Al-Muzzahid” जैसे ऑनलाइन समूहों से जुड़े थे.
जांच में सामने आई कथित चैट में आर्मी चेकपोस्ट पर बम जैकेट के साथ हमले की योजना पर चर्चा होने का दावा किया गया है. पुलिस के अनुसार, नेटवर्क में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से जुड़े संदिग्ध संपर्क भी थे.
साजिद की गिरफ्तारी के बाद जम्मू और मेरठ पुलिस ने जनवरी और फरवरी 2026 में उजैद के ठिकाने पर छापे मारे थे, लेकिन वह नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि उजैद को मेरठ पुलिस और SWAT टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया. उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी है.
