उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र के सिकरी गांव में शनिवार को निर्माणाधीन मकान की कंक्रीट स्लैब गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई. हादसा लिंटर डालने के दौरान हुआ.

पुलिस के अनुसार, मलबे से पांच मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया था. इलाज के दौरान इनमें से एक मजदूर ने दम तोड़ दिया. शुरुआती जानकारी में कुछ अन्य मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया. ग्रामीण पुलिस के DCP सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, अभियान पूरा हो चुका है और अब कोई व्यक्ति बचाव के लिए शेष नहीं है.

मोदीनगर की विधायक मंजू शिवाच ने कहा कि स्लैब डालने के दौरान शटरिंग खिसकी या हादसे की कोई अन्य वजह रही, यह जांच का विषय है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने, मृतक के परिवार से संपर्क करने और घायलों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है.