मुरादाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार, 26 अक्टूबर को 335 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे. पहले चरण का आयोजन बुद्धि विहार में किया जा रहा है, जिसमें मुरादाबाद नगर, देहात, ठाकुरद्वारा और कांठ विधानसभा क्षेत्रों के लाभार्थी शामिल होंगे.

कार्यक्रम के लिए सरकारी मंडप सजाया गया है. विवाह समारोह में शामिल होने वाले नवविवाहित जोड़ों को शासन की व्यवस्था के अनुसार गृहस्थी का सामान दिया जाएगा. इसमें गैस चूल्हे समेत घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं.

आयोजन से पहले प्रशासन ने लाभार्थियों की पात्रता और दस्तावेजों की जांच पर जोर दिया है. अधिकारियों को आवेदनों का सत्यापन करने और संदिग्ध मामलों की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए थे, ताकि अपात्र लोगों को योजना का लाभ न मिल सके.

जिले में सामूहिक विवाह का दूसरा चरण 30 अक्टूबर को प्रस्तावित है. इसमें कुंदरकी और बिलारी विधानसभा क्षेत्रों के 225 जोड़ों को शामिल किया जाना है. दोनों चरणों में कुल 560 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.