मुंबई से गोरखपुर आने वाली SpiceJet की फ्लाइट SG553 एक नवंबर को अचानक रद्द हो गई. इसके बाद कुछ यात्री गोरखपुर एयरपोर्ट पर विमान के पास जमीन पर बैठ गए और लेटकर रात बिताई. यात्रियों के वीडियो में कई लोग अपने सामान के साथ नजर आ रहे हैं. कुछ यात्रियों ने बैग को तकिया बना लिया था, जबकि CISF के जवान सुरक्षा की निगरानी करते दिखे.

फ्लाइट का निर्धारित समय शाम 5:55 बजे था. यात्रियों का कहना है कि उड़ान का समय कई बार बदला गया और उन्हें विमान में बैठाकर सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई. एक यात्री के मुताबिक, करीब एक घंटे तक विमान में बैठाए रखने के बाद रात 8 बजे लैंडिंग पर पाबंदी का हवाला देते हुए उड़ान रद्द करने की घोषणा की गई. यात्रियों ने सवाल उठाया कि जब एयरपोर्ट पर रात 9 बजे तक ही संचालन की अनुमति थी, तो उन्हें बोर्डिंग क्यों कराई गई.

सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो में एक महिला यात्री ने कहा कि उसने कभी नहीं सोचा था कि उसे एयरपोर्ट पर विमान के नीचे इस तरह लेटना पड़ेगा. अन्य यात्रियों ने भी एयरलाइन की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और इसे शर्मनाक बताया. हालांकि, यात्रियों के इन आरोपों पर एयरलाइन की ओर से अलग से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है.

एयरपोर्ट की परिचालन समय सीमा

गोरखपुर एयरपोर्ट रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित होता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां विमानों के संचालन के लिए रात 9 बजे तक का वॉच आवर निर्धारित है. एक नवंबर को इस समय सीमा को बढ़ाने की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण मुंबई से आने वाली उड़ान संचालित नहीं हो सकी.

SpiceJet के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान रद्द होने की वजह गोरखपुर एयरपोर्ट पर लागू परिचालन समय की पाबंदी थी. यात्रियों की असुविधा को देखते हुए 2 नवंबर को अतिरिक्त व्यावसायिक उड़ान SG9553 संचालित की गई और रद्द हुई उड़ान के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया.