उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई. हादसा तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर हुआ. दुर्घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बताया गया है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार हरियाणा के जींद से आ रही थी और उसमें सवार सभी छह लोग हरिद्वार जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने कार की रफ्तार बहुत अधिक होने की बात कही है. बताया गया कि वाहन पहले बिजली के खंभे से टकराया, इसके बाद डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.

पलटने के तुरंत बाद कार में आग लग गई. राहगीरों की सूचना पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस के अनुसार, वाहन के भीतर केवल जले हुए अवशेष मिले, जिन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.

हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया. मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. पहचान और हादसे के कारणों की आगे की जांच की जा रही है.