उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. हादसा तितावी थाना क्षेत्र के एक फ्लाईओवर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग हरियाणा से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. सभी छह लोगों की मौके पर ही जलकर मौत होने की जानकारी सामने आई है.
नारनौल के पास के रहने वाले बताए जा रहे मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतकों का संबंध हरियाणा के नारनौल के पास स्थित राखीखाक गांव से होने की शुरुआती जानकारी मिली है. हालांकि, मृतकों की पहचान और उनके बीच पारिवारिक संबंधों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सभी लोग आपस में दोस्त प्रतीत हो रहे हैं. अधिकारियों की ओर से पहचान और आपसी संबंधों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है.
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और आवश्यक कार्रवाई की गई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत कार्य तेज करने, परिजनों से संवाद स्थापित करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
