उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुर्का पहनी 19 वर्षीय युवती से सरेराह मारपीट के मामले में पुलिस ने फरमान नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है. घटना का CCTV वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया.
घटना 23 अक्टूबर की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, युवती कॉलेज जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे रास्ते में रोका. दोनों के बीच पहले से जान-पहचान होने की बात सामने आई है. किसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती से गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की.
यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की साकेत चौकी के अंतर्गत बताई गई है. पास के एक मकान में लगे CCTV कैमरे में मारपीट की घटना रिकॉर्ड हो गई थी. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
पीड़ित युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया.
मुजफ्फरनगर के एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा के मुताबिक, पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद घटना की पहचान की. उन्होंने बताया कि वीडियो में एक व्यक्ति बुर्का पहनी महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था. पुलिस अब दोनों के बीच विवाद की वजह और मारपीट के पीछे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
