आगरा के पास प्रस्तावित न्यू आगरा शहर का मास्टर प्लान उत्तर प्रदेश सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के फेज-दो के तहत विकसित होने वाला यह शहर करीब 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बसाने की योजना है.
योजना में औद्योगिक क्षेत्रों के साथ आवासीय कॉलोनियां, वाणिज्यिक सुविधाएं, संस्थागत उपयोग और हरित क्षेत्र शामिल किए जाएंगे. अधिकारियों के अनुसार, शहर में पर्यावरण-अनुकूल और प्रदूषण रहित उद्योगों को प्राथमिकता देने की तैयारी है.
मंजूरी के बाद शुरू होगी जमीन की प्रक्रिया
सरकार से मास्टर प्लान को स्वीकृति मिलने के बाद यीडा जमीन खरीदने या अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करेगा. इसके बाद सड़क, बिजली, पेयजल, सीवर और सार्वजनिक परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास की योजनाएं आगे बढ़ाई जाएंगी.
न्यू आगरा को औद्योगिक, आवासीय और पर्यटन गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है. योजना में ग्रीन बेल्ट, पार्क और बफर जोन बनाने की बात भी शामिल है, ताकि शहर के विस्तार के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके.
यीडा के फेज-दो में आगरा के अलावा मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस क्षेत्रों के शहरी विकास केंद्र भी शामिल हैं.
