नोएडा के सेक्टर-118 स्थित ‘पफ एंड स्पाइस’ कैफे में बिना वैध लाइसेंस शराब परोसे जाने के आरोप में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा. कार्रवाई के दौरान बार मैनेजर चंद्र मोहन को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि कैफे संचालक अंकुर सक्सेना फरार हो गया.

अधिकारियों के अनुसार, कैफे में ग्राहकों को शराब परोसने के लिए आवश्यक FL-11 इवेंट बार लाइसेंस नहीं लिया गया था. यह कार्रवाई सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और बिना अनुमति शराब परोसने के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई.

तलाशी के दौरान टीम ने 500 मिलीलीटर क्षमता वाली बीयर की 16 कैन और ‘Black & White’ ब्रांड की दो खाली बोतलें बरामद कीं. आबकारी विभाग के मुताबिक, बरामद बीयर की कुल मात्रा आठ बल्क लीटर है.

मामले में चंद्र मोहन और अंकुर सक्सेना के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में सेक्टर-113 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आबकारी विभाग ने बरामद शराब को कब्जे में ले लिया है और फरार संचालक की तलाश जारी है.