दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोएडा के सेक्टर 136 में कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी और मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है. इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इन्हें भारत में नौकरी और बेहतर कमाई का झांसा देकर लाया गया था.
जांच में सामने आया कि विदेशी नागरिकों को कथित तौर पर एक परिसर में सीमित रखा गया और फर्जी निवेश वेबसाइटों तथा APK-आधारित ऐप के जरिए लोगों को ठगने के लिए मजबूर किया गया. नेटवर्क के सदस्य सोशल मीडिया पर नकली महिला पहचान बनाकर लोगों से संपर्क करते, भरोसा कायम करते और फिर ऊंचे रिटर्न का लालच देकर निवेश करवाते थे.
पुलिस ने मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए. बरामद सिम कार्ड में 31 अंतरराष्ट्रीय और 22 भारतीय कनेक्शन बताए गए हैं. पासपोर्ट में 95 इंडोनेशियाई और 79 मलेशियाई नागरिकों के दस्तावेज शामिल हैं.
मामले में 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक Tan Guan Wei को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस दो भारतीय नागरिकों की भूमिका और नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, अन्य आरोपियों और कथित मानव तस्करी कड़ी का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.
