गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर 35 स्थानों पर रावण दहन होगा. इसके अलावा जिले में 200 से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं.
अधिकारियों के अनुसार, आयोजन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर 2,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें करीब 300 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. अग्निशमन विभाग ने 26 दमकल वाहनों और करीब 250 कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा है, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर दोपहर 2 बजे से यातायात डायवर्जन लागू रहेगा. लोगों से अपील की गई है कि वे आयोजन स्थलों पर बेतरतीब पार्किंग न करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग रामलीला स्थलों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा. गौर सिटी में 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन शाम 8 बजे किए जाने की जानकारी सामने आई है. नोएडा स्टेडियम में भी 80 फीट के रावण, 75 फीट के कुंभकरण और 65 फीट के मेघनाद के पुतलों के दहन का कार्यक्रम है.
