नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार तड़के 23वीं मंजिल से गिरने के बाद एक व्यक्ति और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रंजीत पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4:20 बजे की है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

फूल तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रंजीत पात्रा बालकनी में सीढ़ी लगाकर अपने बेटे से फूल तुड़वा रहे थे. इसी दौरान आरव का पैर फिसल गया और वह बालकनी से नीचे की ओर लटक गया. बेटे को बचाने की कोशिश में रंजीत भी उसके साथ नीचे गिर गए.

परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया कि वे शुक्रवार सुबह खाटू श्याम जाने और जमीन की रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर रहे थे. रंजीत पात्रा दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे और पत्नी-बेटे के साथ सोसायटी के टावर-23 में रहते थे.

सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार, कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. हादसे के बाद सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.