नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई 12 नवंबर से हाइब्रिड मोड में कराई जाएगी. इसके तहत बच्चे स्कूल जाकर कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे या जहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है, वहां घर से पढ़ाई कर सकेंगे.

यह निर्देश दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद Graded Response Action Plan (GRAP) के तीसरे चरण के तहत जारी किए गए हैं. गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 7 नवंबर को स्कूलों को व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया था.

यह आदेश जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू है. स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. लापरवाही या आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

Commission for Air Quality Management (CAQM) के निर्देशों के तहत दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में कक्षा 5 तक हाइब्रिड कक्षाओं का प्रावधान किया गया है. गाजियाबाद में प्रदूषण नियंत्रण उपायों के तहत 20 नवंबर तक निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों पर भी रोक लगाई गई है.