दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद नोएडा और गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई लागू की गई है. इसके तहत स्कूलों को जहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है, वहां बच्चों को घर से पढ़ने का विकल्प देना होगा. विद्यार्थी चाहें तो स्कूल जाकर भी कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे.
गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्देश सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू हैं. स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि स्कूल बंद नहीं किए गए हैं और भौतिक कक्षाएं जारी रहेंगी.
यह कदम दिल्ली-एनसीआर में GRAP के तीसरे चरण के लागू होने के बाद उठाया गया है. इसके तहत दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में कक्षा 5 तक हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का प्रावधान किया गया है.
गाजियाबाद प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकारी और निजी निर्माण तथा ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर 20 नवंबर तक रोक बढ़ाई है. सड़कों पर मशीन से सफाई और पानी का छिड़काव मौजूदा क्षमता से दोगुना करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
