उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं. 2000 बैच की IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि 2005 बैच के IPS अधिकारी जे. रविंदर गौड गौतम बुद्ध नगर की जिम्मेदारी संभालेंगे.

यह बदलाव 28 IPS अधिकारियों के तबादले वाले आदेश का हिस्सा है. दोनों जिलों के अधिकारियों ने शनिवार को अपने-अपने नए पद का कार्यभार संभाला. कार्यभार ग्रहण करने के बाद कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई.

लक्ष्मी सिंह 30 नवंबर 2022 से गौतम बुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त थीं. वह उत्तर प्रदेश में पुलिस आयुक्त बनने वाली पहली महिला अधिकारी रही हैं और अब गाजियाबाद की पहली महिला पुलिस आयुक्त होंगी.

जे. रविंदर गौड 15 अप्रैल 2025 से गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त थे. इससे पहले वह गोरखपुर रेंज में IG और लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद तथा अलीगढ़ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

फेरबदल में वाराणसी, प्रयागराज और राज्य के कई जोन व रेंज के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. यह प्रशासनिक बदलाव 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुआ है.