दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण के लागू होने के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है.
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के आदेश के अनुसार, संबंधित स्कूलों को बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन—दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प देना होगा. यह निर्देश परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू है.
हाइब्रिड व्यवस्था के तहत अभिभावक और विद्यार्थी उपलब्ध विकल्पों के अनुसार ऑनलाइन या स्कूल जाकर पढ़ाई जारी रख सकेंगे. आदेश का उद्देश्य प्रदूषण की स्थिति के दौरान छोटे बच्चों की पढ़ाई को जारी रखते हुए उन्हें वैकल्पिक माध्यम उपलब्ध कराना है.
