नोएडा के भंगेल स्थित अस्पताल से अगवा किए गए तीन दिन के नवजात को पुलिस ने आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. मामले में 26 वर्षीय महिला उपासना को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है.
पुलिस के अनुसार, नवजात का जन्म 6 अक्टूबर को अस्पताल में हुआ था. 8 अक्टूबर की शाम एक महिला ने परिवार से बातचीत की और सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का भरोसा दिया. अगले दिन सुबह वह अस्पताल पहुंची और परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए नवजात को लेकर चली गई.
फेज-2 थाना पुलिस ने स्थानीय सूचना और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी महिला का पता लगाया. उसे NSEZ मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा गया और नवजात को बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया. पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है.
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन निसंतान है और वह नवजात को उसे सौंपने के इरादे से लेकर गई थी. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
