नोएडा में मयूर विहार से सेक्टर-94 तक छह लेन का नया एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. करीब 3.2 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 342.74 करोड़ रुपये है. नोएडा प्राधिकरण ने निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी कर दिया है और आवेदन की अंतिम तारीख 8 दिसंबर रखी गई है.
प्राधिकरण के अनुसार, निर्माण शुरू होने के बाद परियोजना को पूरा करने में लगभग तीन साल लग सकते हैं. यह मार्ग चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगा और सेक्टर-94 की यमुना पुश्ता रोड तक सीधी पहुंच देगा. इससे मयूर विहार और पूर्वी दिल्ली से आने वाले वाहनों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
20 मीटर ऊंचा होगा मार्ग
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, कालिंदीकुंज मार्ग और दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगा. इन स्थानों पर सामान्य पिलर निर्माण की सीमाओं को देखते हुए चार स्टील के धनुषाकार पुल बनाए जाने की योजना है. मार्ग की ऊंचाई करीब 20 मीटर रखी जाएगी.
ओखला पक्षी विहार के निकट होने के कारण परियोजना में ध्वनि अवरोधक लगाने का भी प्रावधान है. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की ओर से तैयार डीपीआर के बाद लागत परीक्षण और मंजूरी की प्रक्रिया पूरी कर टेंडर जारी किया गया है.
