नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गंभीर मरीजों तथा सड़क हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन फास्ट’ शुरू किया है. इस पहल के तहत एंबुलेंस को 24 घंटे ट्रैफिक सहायता देने की व्यवस्था बनाई गई है. ट्रैफिक सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9218891716 जारी किया गया है.

एंबुलेंस चालक, अस्पताल का कंट्रोल रूम या डिस्पैचर इस नंबर पर संपर्क कर एंबुलेंस की मौजूदा लोकेशन, मरीज को ले जाने वाले अस्पताल का पता और चुने गए रास्ते की जानकारी दे सकेगा. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम से संबंधित चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस के पहुंचने से पहले प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रित कर रास्ता बनाने की कोशिश होगी. जरूरत पड़ने पर सिग्नल में कुछ समय के लिए बदलाव किया जा सकता है और दूसरे रास्तों से आने वाले वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा. पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए भी वाहन चालकों से एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील की जाएगी.

इस व्यवस्था से सरकारी और निजी अस्पतालों, एंबुलेंस संचालकों तथा इमरजेंसी डिस्पैच सेंटरों को जोड़ा गया है. अस्पतालों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों की पहचान भी की गई है.

ट्रायल में 12 किलोमीटर की दूरी 10 मिनट में तय

ऑपरेशन फास्ट शुरू करने से पहले व्यस्त ट्रैफिक के दौरान खाली एंबुलेंस का ट्रायल किया गया. पुलिस के अनुसार, चिल्ला बॉर्डर से मैक्स अस्पताल और फोर्टिस अस्पताल तक करीब 12 किलोमीटर की दूरी लगभग 10 मिनट में पूरी हुई. हालांकि यह ट्रायल खाली एंबुलेंस के साथ था. मरीज को लेकर वास्तविक आपात स्थिति में लगने वाला समय ट्रैफिक और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगा.

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एंबुलेंस दिखाई देने पर तुरंत रास्ता दें, चौराहों पर वाहन खड़ा कर मार्ग बाधित न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.