नोएडा के सेक्टर-18 स्थित सात मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग की छत पर थार गाड़ी से स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में एक युवक थार की छत पर खड़ा दिखाई दे रहा है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है.

बताया गया है कि घटना का वीडियो पास की एक इमारत में मौजूद युवक ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था. सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद पुलिस अब थार चालक और गाड़ी के ऊपर खड़े होकर स्टंट करने वाले युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है.

यह मामला थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग का बताया जा रहा है. पुलिस टीम पार्किंग स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार, मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सेक्टर-18 की इस पार्किंग में करीब 3,000 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता बताई जाती है. घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि थार गाड़ी पार्किंग की छत तक कैसे पहुंची और स्टंट के दौरान सुरक्षा निगरानी क्यों नहीं हो सकी.

पुलिस ने अभी तक किसी व्यक्ति की पहचान या कार्रवाई की औपचारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच वीडियो और पार्किंग स्टाफ से पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है.