उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में मंदिर की लाइट लगाने के लिए दिए गए 200 रुपये वापस मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद 28 वर्षीय दिव्यांग युवक खरगसेन की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के खजुरहा गांव की है.
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, खरगसेन ने दीपावली के दौरान गांव के सियाराम को मंदिर की लाइट लगाने के लिए 200 रुपये दिए थे. आरोप है कि लाइट नहीं लगाने पर खरगसेन ने रकम वापस मांगी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. परिवार ने आरोप लगाया कि दीपावली के दिन सियाराम ने खरगसेन के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले आए थे. मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उसे पीलीभीत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान करीब दोपहर 3:30 बजे उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. सुनगढ़ी थाना प्रभारी नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
