उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान अंकित गुप्ता, उनके सगे भाई मोहित गुप्ता और 15 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे रामलीला कमेटी की बैठक में पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद मारपीट और गोलीबारी हुई. शुरुआती जानकारी में लाइसेंसी राइफल और अन्य हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई है.

गोली लगने से अंकित गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई. अंकित के भाई मोहित गुप्ता को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. एक ही घटना में तीन लोगों की मौत के बाद अमरिया में तनाव और दहशत का माहौल है.

पुलिस हिरासत में तीन लोग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और डंडे बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है.

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में रामलीला कमेटी से जुड़े हिसाब-किताब का विवाद सामने आया है, लेकिन गोलीबारी में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच जारी है. स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.