उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में श्रीलंकाई नागरिक महिला की कथित नागरिकता छिपाकर भारतीय दस्तावेज बनवाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में महिला के पति मोहम्मद इमरान, महिला और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां को गिरफ्तार किया है. आरोपों की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, शेरपुर कलां गांव का रहने वाला इमरान वर्ष 2018 में रोजगार के लिए जॉर्डन गया था. वहीं उसकी मुलाकात श्रीलंका की सुरैनी वंतिका से हुई. मार्च 2019 में महिला टूरिस्ट वीजा पर भारत आई और इमरान से निकाह किया. इसके बाद 3 जून 2019 को दोनों ने कोर्ट मैरिज की. पुलिस के अनुसार, महिला का नाम बदलकर जैनब बेगम रखा गया.
आरोप है कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद महिला की श्रीलंकाई नागरिकता छिपाकर कथित रूप से फर्जी जन्म और निवास प्रमाण पत्र तैयार कराए गए. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड बनवाने और 26 जुलाई 2021 को पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की बात सामने आई है.
पासपोर्ट कार्यालय, बरेली से मिले शिकायत पत्र की जांच के बाद पुलिस ने 12 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया और तीनों को गिरफ्तार किया. प्रमाण पत्र जारी करने वाले ग्राम पंचायत अधिकारी और लेखपाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दस्तावेज जारी करने से पहले सत्यापन की प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं.
